रायपुर में दही-हांडी की धूम, 11 लाख का इनाम, संयोजक बसंत अग्रवाल ने दी जानकारी
रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर की पावन भूमि गुढ़ियारी एक बार फिर ऐतिहासिक और भव्य आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। सार्वजनिक दही-हांडी उत्सव समिति एवं श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में 16वां भव्य दही-हांडी उत्सव आगामी 17 अगस्त 2025, रविवार शाम 4 बजे से अवधपुरी मैदान, श्रीनगर रोड, गुढ़ियारी में आयोजित होगा।

समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। इसमें पुरुष दही-हांडी हेतु 7 लाख, महिला दही-हांडी हेतु 2 लाख तथा ग्रीस युक्त खंभा हांडी हेतु 2 लाख रुपये के प्रथम पुरस्कार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 50 लोगों की टोली को 11 हजार और 100 लोगों की टोली को 21 हजार रुपये का सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
देशभर से जुटेंगी गोविंदा टोलियां
इस वर्ष उत्सव का दायरा प्रदेश की सीमाओं को पार कर राष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बेमेतरा और कवर्धा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की 30 से अधिक टोलियों ने पंजीयन कराया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, इंदौर, जबलपुर, ओडिशा और झारखंड की नामचीन टोलियां भी शामिल होंगी। यह प्रतियोगिता पूर्णतः निःशुल्क होगी।
सितारों से सजेगी मनोरंजन की शाम
गोविंदा टोलियों के उत्साहवर्धन और दर्शकों के मनोरंजन हेतु देश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इंडियन आइडल चैंपियन पवनदीप राजन अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधेंगे, वहीं विश्वविख्यात भजन गायिका गीता बेन रबारी कृष्ण भक्ति रस से वातावरण को कृष्णमय कर देंगी। साथ ही राष्ट्रपति सम्मानित छत्तीसगढ़ की लोकप्रिय गायिका पूनम-दिव्या तिवारी भी प्रस्तुति देंगी।
ओडिशा के कलाकार पारंपरिक घंटा बाजा प्रस्तुत करेंगे और ग्रीस युक्त खंभा प्रतियोगिता दर्शकों का मुख्य आकर्षण रहेगी।
छोटे आयोजन से विशाल उत्सव तक का सफर
संयोजक बसंत अग्रवाल ने याद दिलाया कि वर्ष 2010 में महावीर स्कूल के पास एक छोटे से मैदान से इस आयोजन की शुरुआत हुई थी। मोहल्ले स्तर पर शुरू हुआ यह आयोजन आज हजारों दर्शकों और देशभर से आने वाली टोलियों के कारण प्रदेश का सबसे बड़ा दही-हांडी उत्सव बन गया है। कोरोना काल के दो वर्षों के अंतराल के बाद यह उत्सव पुनः अपनी भव्यता के साथ 16वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
समिति ने दर्शकों और प्रतिभागियों की सुरक्षा हेतु व्यापक व्यवस्था की है। प्रशासन की मदद से मैदान के हर कोने पर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्राथमिक उपचार केंद्र और एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। समिति ने यह स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता के दौरान किसी भी टोली के साथ होने वाली दुर्घटना की जिम्मेदारी स्वयं टोली की होगी