Nitin Gadkari Birthday: मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, आज मना रहे 67वां जन्मदिन
Nitin Gadkari Birthday: सड़क परिवहन-राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज यानी की 27 मई को अपना 67वां जन्मदिन मना रहे हैं। नितिन गडकरी ने देश की राजनीति में एक ऊंचा मुकाम हासिल किया है। नितिन गडकरी एक ऐसे मंत्री हैं, जिनकी तारीफ में विपक्ष के नेता भी कई बार काफी कुछ बोलते हैं। बता दें कि नितिन गडकरी के विकास कार्य को केंद्र की मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में सबसे आगे रखा जाता है। नितिन गडकरी के कार्यकाल में एक्सप्रेस वे, फ्लाईओवर और आलीशान सड़कों का तेजी से निर्माण हो रहा है। नितिन गडकरी को मोदी सरकार का विकास पुरुष भी कहा जाता है। तो आइए जानते हैं उनके जन्मदिन के मौके पर नितिन गडकरी के जीवन से जुड़ी कुछ रोचक बातों के बारे में…

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में 27 मई 1957 को नितिन गडकरी का जन्म हुआ था। वह एक मिडिल क्लास फैमिली से ताल्लुक रखते थे। भले ही उनका जीवन मध्यम वर्ग में बीता, लेकिन परिवार ने नितिन गडकरी को मूल्यों और नैतिकता का पाठ अच्छे से पढ़ाया। उन्होंने नागपुर के महात्मा ज्योतिबा फुले आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज से कॉमर्स में ग्रेजुएशन पूरा किया। फिर नितिन गडकरी ने नागपुर के सरकारी लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद नागपुर विश्वविद्यालय से मैनेजमेंट स्टडीज में मास्टर्स की डिग्री हासिल की।

राजनीतिक सफर
छात्र जीवन से नितिन गडकरी राजनीति से जुड़ गए थे। उन्होंने पढ़ाई के दौरान ही अलग-अलग सामाजिक मुद्दों और राजनीतिक गतिविधियों में ही भाग लेने लगे थे। गडकरी के समर्पण और नेतृत्व की क्षमता ने उनको पहचान दिलाई। जल्द ही वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और उनकी कर्मठता की वजह से बीजेपी में ऊंचाइयों पर बढ़ते चले गए। वहीं साल 1989 में नितिन गडकरी को महाराष्ट्र विधान परिषद का सदस्य चुना गया और वह विपक्ष के नेता बने। साल 2004 से 2009 तक वह बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान काफी अहम रहा है।
विकास कार्य
बता दें कि जिस भी मंत्रालय में नितिन गडकरी रहते हैं, तो उनका कहना होता है कि उनके मंत्रालय में कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उनके मंत्रालय का काम हमेशा बेहतरीन होना चाहिए। यही वजह है कि विपक्षी भी गडकरी के कामों की तारीफ करते हैं। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री के तौर पर नितिन गडकरी ने बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा दिया और कई नए बदलाव भी किए। हालांकि इनके अब तक के कार्यकाल में इलेक्ट्रिक व्हीकल की शुरूआत करना काफी अहम माना जा रहा है।