उत्तर बस्तर के पीडीएस गोदामों का नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने किया औचक निरीक्षण
बस्तर : नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने उत्तर बस्तर के जिला कांकेर एवं कोंडागांव स्थित खाद्यान्न गोदाम वारामा एवं केशकाल का औचक निरीक्षण किया। अध्यक्ष द्वारा निगम की गठित राज्य स्तरीय दल सहित चारामा, केशकाल स्थित वेयर हाउस गोदाम पहुंचकर पीडीएस के वितरण के लिए निगम द्वारा उपार्जित चावल एवं संग्रहित नमक, गुड़, शक्कर का अवलोकन किया। इस दौरान नागरिक आपूर्ति निगम कांकेर एवं कोंडागावं के जिला प्रबंधक, गोदाम प्रभारी, वेयर हाउस प्रबंधक एवं स्टाफ की उपस्थित में स्टेक से चावल का सेम्पल निकलवा कर समक्ष में वरिष्ठ तकनीकी कर्मचारी से गुणवत्ता का परीक्षण कराया गया जो मानक स्तर का पाया गया। गोदाम के संग्रहित गुड, नमक, एवं शक्कर का अवलोकन किया गया। गोदाम में उपलब्ध राशन साम्रागी के बोरो का वजन की जांच कराई गई।
निरीक्षण के दौरान गोदाम एवं कार्यालय में साफ-सफाई का अभाव, गोदाम के प्लेटफार्म में टूट-फूट, छत में कुछ स्थानों में छेद होने से पानी टपकने की स्थिति को देखकर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए वेयर हॉउस प्रभारी को कार्यालय एवं गोदाम की साफ-सफाई, प्लेटफार्म एवं छत मरम्मत एवं गोदाम के रंग-रोगन कराने के निर्देश दिए। गोदाम में कार्यालय हेतु स्थानाभाव को देखते हुए अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराने का प्रस्ताव तैयार कर वेयर हॉउस मुख्यालय भेजने के लिए कहा गया। अंतागढ़ में निर्माणाधीन गोदाम में हो रहे विलंब की जानकारी प्राप्त होने पर वेयर हाउस के अध्यक्ष से निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने हेतु स्वयं अनुरोध करने का आश्वासन दिया। प्रवास के दौरान प्रदेश महामंत्री, भाजपा, संजय श्रीवास्तव द्वारा सर्किट हाउस, कांकेर में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भेट मुलाकात एवं विस्तृत चर्चा किया गया।
प्रवास के उददेश्य के संबंध में अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की आम जनता को गुणवत्ता युक्त चावल, शक्कर, नमक, गुड़, चना समय पर उपलब्ध कराना सरकार की प्रथम प्राथमिकता है, उपभोक्ताओं को समय पर गुणवत्ता युक्त राशन उपलब्ध कराने संबंधी नागरिक आपूर्ति निगम की जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए राशन भंडारण व्यवस्था के सतत निगरानी के लिए उनके द्वारा आगामी माहों में प्रदेश के अन्य जिलों में इसी तरह निगम की राज्य स्तरीय गठित टीम के साथ औचक निरीक्षण की कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होने प्रदेश स्थित निगम के सभी जिलो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य के प्रत्ति सतर्कता रखते हुए निर्धारित गुणवत्ता का राशन भंडारित किए जाने का संदेश भी दिया।