Shefali Jariwala Death : कांटा लगा’ से फेमस हुईं मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में हुआ निधन
Shefali Jariwala Death : मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का 27 जून की रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। शेफाली के मेकअप आर्टिस्ट ने अमर उजाला से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है। यहां जानिए उनके निधन की खबरों से जुड़े अपडेट्स..

सामने आया पुलिस का बयान, जारी है पोस्टमार्टम
शेफाली की मौत के मामले में अब मुंबई पुलिस का विस्तृत बयान सामने आया है। इसमें पुलिस ने बताया कि शेफाली जरीवाला की 42 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई। वह मुंबई के अंधेरी इलाके में रहती थीं। उनके परिवार के सदस्य कल देर रात उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे थे और वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुंबई पुलिस को कल रात करीब 1 बजे सूचना मिली। कूपर अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
पेट डॉग को घुमाते दिखे पति पराग
शेफाली के निधन के बाद उनके पति पराग शनिवार सुबह अपने पेट डॉग को घुमाने के लिए बिल्डिंग के नीचे आए थे। इस दौरान वो पैपराजी के कैमरे में भी कैद हुए। हालांकि, पैपराजी ने उनसे बात करनी चाही, लेकिन वो चुपचाप चले गए। उनकी बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड का बयान है कि कपल दोनों राेज सुबह साथ में अपने पेट डॉग के साथ वॉक पर जाते थे। शुक्रवार सुबह भी दोनों साथ में ही वॉक पर निकले थे। जानकारी के मुताबिक, पुलिस इस समय उनके घर पर जांच कर रही है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम अभी भी कर रही जांच
अमर उजाला को मिली जानकारी के मुताबिक, रात 1 बजे शेफाली के घर मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जो अब तक घर के अंदर मौजूद है और जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, घर में परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इससे पहले रात में शेफाली के घर काम करने वाली कुक और मेड से भी पूछताछ की जा चुकी है। अमर उजाला को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 8 बजे के बाद पोस्टमार्टम शुरू होगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।
बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया- रात 10ः30 पर ले जाया गया हॉस्पिटल
शेफाली जरीवाला लोखंडवाला शास्त्रीनगर के गोल्डेन रेज बिल्डिंग में रहती थीं। अमर उजाला को मिली जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि कल सुबह पति-पत्नी अपने पेट डॉग के साथ बिल्डिंग कंपाउंड में दिखे थे। सिक्योरिटी गार्ट ने बताया कि रात करीब 10.30 के बीच शेफाली जरीवाला को हॉस्पिटल ले जाया गया था, तब गेट खोला। इसके बाद रात 1 बजे बिल्डिंग में शेफाली की मौत की खबर आई।
Shefali Jariwala Death News Live Updates In Hindi: साल 2002 में रिलीज हुए रीमेक सॉन्ग ‘कांटा लगा’ से फेमस हुईं मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। 27 जून की रात 11 बजे शेफाली को सीने में दर्द की शिकायत हुई। पति पराग त्यागी उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। शेफाली के मेकअप आर्टिस्ट ने अमर उजाला से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक्ट्रेस का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। मामले पर परिवार ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यहां जानिए उनके निधन की खबरों से जुड़े अपडेट्स…