रायपुर में शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण: जीवन कौशल के जरिए लड़कों में समानता की सोच को बढ़ावा
रायपुर, 21 अप्रैल 2026। Room to Read India Trust द्वारा SCERT Raipur के सहयोग से “समानता के लिए जीवन कौशल परियोजना (LSEP)” के अंतर्गत चार दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 20 से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित हो रहा है, जिसका उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता को सुदृढ़ करना और उन्हें लड़कों के लिए प्रभावी जीवन कौशल शिक्षा प्रदान करने के लिए सक्षम बनाना है।
इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को व्यावहारिक गतिविधियों, संवाद आधारित शिक्षण पद्धतियों और व्यवहारिक दृष्टिकोण से प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे विद्यार्थियों—विशेषकर लड़कों—को जीवन कौशल सीखने में सक्रिय रूप से शामिल कर सकें। कार्यक्रम का फोकस समानता, सम्मान और सकारात्मक सामाजिक व्यवहार को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन 20 अप्रैल 2026 को डॉ. अर्चना वर्मा द्वारा किया गया, जो समावेशी शिक्षा एवं कन्या शिक्षा, SCERT रायपुर की प्रभारी सहायक प्राध्यापिका हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय भागीदारी निभाई और Room to Read की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में लड़कों के साथ इस प्रकार के संवेदनशील और मूल्य आधारित कार्यक्रमों की अत्यंत आवश्यकता है।
डॉ. अर्चना वर्मा ने LSEP कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों को प्रशंसा प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। साथ ही, उन्होंने लड़कों के जीवन कौशल पर शोध करने में रुचि व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शोध से प्राप्त निष्कर्ष नीति निर्माण के स्तर पर महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
यह पहल न केवल शिक्षकों को सशक्त बना रही है, बल्कि समाज में समानता और सकारात्मक सोच को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





