भिलाई में राम कथा का भव्य आयोजन: 12 सितंबर से विश्व विख्यात राम कथा व्यास पूज्य राजन जी महाराज की कथा का शुभारंभ
भिलाई: भिलाई के रामभक्तों के लिए खुशी का पल आ गया है. विश्व विख्यात राम कथा व्यास पूज्य राजन जी महाराज के श्रीमुख से श्रीराम कथा का रसपान करने का सौभाग्य भिलाईवासियों को प्राप्त होने जा रहा है।

यह भव्य आयोजन भिलाई के वॉर्ड 42 अंतर्गत खुर्सीपार आईटीआई मैदान में 12 से 20 सितंबर 2025 तक चलेगा, जिसमें भक्तजन राम रस में डूबकर अपने जीवन को धन्य करने का पुनीत अवसर प्राप्त करेंगे।

बता दें, रामकथा का आयोजन जीवन आनंद फाउंडेशन और जिला भाजपा कोषाध्यक्ष एवं पार्षद नगर निगम, भिलाई, विनोद सिंह द्वारा किया जा रहा है।
यह कथा भिलाई के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्साह को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। पूज्य राजन जी महाराज की कथा अपनी रोचक, भक्ति-भाव और आध्यात्मिक गहराई के लिए जानी जाती है, जो श्रोताओं को श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों से जोड़ती है।
जीवन आनंद फाउंडेशन ने सभी भिलाईवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस कथा का लाभ उठाएं और अपने जीवन को श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित करें। आयोजकों ने बताया कि यह कथा न केवल आध्यात्मिक उत्थान का माध्यम होगी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी बढ़ावा देगी।
भाजपा नेता और पार्षद विनोद सिंह ने कहा, “यह भिलाई के लिए गर्व का क्षण है कि पूज्य राजन जी महाराज जैसे महान कथावाचक हमारी नगरी में राम कथा सुनाने आ रहे हैं। यह आयोजन हर भक्त के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा।”