सीएम भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं के मुखौटे पहन भाजयुमो ने निकाली भ्रष्टाचार की बारात
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज शाम अनोखे तरीके से बारात निकली। इस बारात में बकायदा बैंड पार्टी बज रहा था और उसके धून पर लोग नाच रहे थे तो वहीं कुछ लोग उनपर पैसे भी उड़ा रहे थे।
सड़कों पर आने-जाने वाले राहगीर इस बारात को देखकर हैरान हो रहे थे क्योंकि बारातियों के चेहरे पर कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों का मुखौटा लगा हुआ था। यही नहीं जो दूल्हा बना था उसने मुख्यमंत्री के चेहरे का मुखौटा पहना था। उसके गले में दो हजार और 5 सौ के नोटों से बना हार था।
दरअसल, छत्तीसगढ़ में ED ने 2000 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले का दावा किया है. इस मामले में ED के अधिकारियों ने 3 कारोबारियों और आबकारी विभाग के एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी अभी जेल में बंद है. इसी शराब घोटाले को लेकर भाजपा विरोध कर रही है और सरकार पर आरोप लगा रही है।
शराब घोटाला मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से भ्रष्टाचार की बारात निकाली गई. इस बारात में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए. राजधानी रायपुर में निकाली गई यह बारात जयस्तंभ चौक, शहीद स्मारक के सामने से मंत्री कवासी लखमा के निवास के लिए निकली. बाजे-गाजे के साथ भ्रष्टाचार की बारात में भाजयुमो के कार्यकर्ता पैसे उड़ाते हुए और शराब की बोतलों के लेकर नाच रहे है।





