मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव: बेटे को सेट करना है और दामाद को भेंट करना है
No Confidence Motion Debate Live Updates: लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज से चर्चा शुरू होने वाली है. अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पहले राहुल गांधी की संसद में वापसी से कांग्रेस में जोश में है क्योंकि आज होने वाली चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की जगह राहुल गांधी कर सकते हैं.
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए थे लेकिन गोगोई ने चर्चा की शुरुआत करने के लिए अपनी जगह राहुल गांधी का नाम प्रस्तावित किया है. ऐसे में राहुल गांधी ही अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत कर सकते हैं.
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी बोलेंगे और हम मणिपुर से शुरू होकर सरकार की विफलता के सवाल पर जोरदार बहस करेंगे, जो एक मुख्य मुद्दा है जिस पर हम सभी चर्चा करना चाहते हैं.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सोनिया गांधी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, सोनिया गांधी का बहुत सम्मान करता हूं. सोनिया गांधी के दो काम हैं- बेटे को सेट करना है और दामाद को भेंट करना है.
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा, ‘आप सावरकर हो भी नहीं सकते हैं क्योंकि सावरकर ने 28 साल जेल में गुजारे थे.’
कांग्रेस पर पलटवार करते हुए बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा, “मैं मणिपुर के इतिहास का मुक्तभोगी हूं. मेरे मामा पर मणिपुर में अटैक हुआ था. सदन में राहुल गांधी क्यों नहीं बोले. सदन में आज राहुल गांधी ने तैयारी करके नहीं आए.”
लोकसभा में अब बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे बोल रहे हैं. निशिकांत दुबे ने कहा कि मुझे लग रहा था कि राहुल गांधी बोलेंगे. निशिकांत दुबे के बोलते ही विपक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. विपक्ष के सांसद नारेबाजी कर रहे हैं.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर पर ही नहीं अडानी मुद्दे पर भी मौन रहे. चीन पर भी मौन हैं. पीएम मोदी को अपनी भूल कबूल नहीं है.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने PM मोदी से सवाल पूछते हुए कहा, “मणिपुर सब गए लेकिन पीएम मोदी क्यों नहीं गए? मणिपुर मुद्दे पर बोलने में उन्हें 80 दिन क्यों लगे और जब वे बोले तो सिर्फ 30 सेकंड के लिए? मुख्यमंत्री ने अब तक मणिपुर के मुख्यमंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया? हम अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए मजबूर हैं. यह कभी भी संख्या के बारे में नहीं था बल्कि मणिपुर के लिए न्याय के बारे में था. मैं प्रस्ताव पेश करता हूं कि यह सदन सरकार में अविश्वास व्यक्त करता है. I.N.D.I.A. मणिपुर के लिए यह प्रस्ताव लाया है. मणिपुर न्याय चाहता है.”
मोदी सरकार के खिलाफ लोकसभा में आए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है. कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा, “क्या हम बताएं कि स्पीकर के दफ्तर के अंदर प्रधानमंत्री ने क्या-क्या कहा.” जिस पर अमित शाह ने कहा कि हां बताना चाहिए. अधीर रंजन चौधरी समेत तमाम विपक्षी सांसद खड़े हैं. संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि यह तो सार्वजनिक तौर पर सामने आ चुका है कि राहुल गांधी सबसे पहले बोलना चाहते थे.
लोकसभा में कुछ देर में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होने वाली है. विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत राहुल गांधी नहीं अब गौरव गोगोई करेंगे.





